अदलहाट पुलिस ने 4.964 किलो गांजा के साथ हिस्ट्रीशीटर को दबोचा

अदलहाट पुलिस ने करीब पांच किलो गांजा के साथ हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार

मिर्जापुर, 14 जुलाई। अदलहाट थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को करीब पांच किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को उप निरीक्षक अभय नारायण सिंह और उनकी टीम को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अदलहाट थाना क्षेत्र के हिनौती इलाके में घेराबंदी कर मनीष सिंह उर्फ कल्लू पुत्र ओम प्रकाश सिंह निवासी पचेंगड़ा थाना अदलहाट को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 किलो 964 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इस संबंध में थाना अदलहाट में मुकदमा अपराध संख्या 168/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मनीष सिंह उर्फ कल्लू एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ मिर्जापुर जनपद के अदलहाट और अहरौरा थानों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट तथा आयुध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में 16 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई उप निरीक्षक अभय नारायण सिंह के नेतृत्व में अदलहाट थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें