अनगढ़ रोड पर प्रधान पति की गोली मारकर हत्या से सनसनी

सद्भावना नगर में ग्राम प्रधान के पति की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के अनगढ़ रोड स्थित सद्भावना नगर में शुक्रवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां देवरी गांव की ग्राम प्रधान के पति 52 वर्षीय राजीव सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

लोगो के अनुसार, मृतक राजीव सिंह मिर्जापुर शहर के जीआईसी के पीछे स्थित सद्भावना नगर में अपना निजी मकान बनवाकर रह रहे थे। रोज की तरह वह सुबह टहलकर लौटे थे और घर के पास ही किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक वाहन से पहुंचे हमलावरों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राजीव सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें