
अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन में विधि-विधान से किया होलिका दहन
मीरजापुर, 02 मार्च 2026। पुलिस लाइन मीरजापुर परिसर में होली पर्व के उपलक्ष्य में स्थापित होलिका का दहन सोमवार को विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस परिवार के साथ विधिवत पूजन कर होलिका दहन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। पूजन के बाद होलिका दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया गया।















