
मीरजापुर पुलिस का अवैध शराब के खिलाफ अभियान, 4 थानों से 113 लीटर व 83 पाउच देशी शराब बरामद, 9 गिरफ्तार
मीरजापुर। होली त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने एवं जनपद में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए चार थानों की पुलिस टीमों द्वारा कुल 113 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब तथा 83 पाउच (टैट्रा पैकेट) बरामद कर 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने 95 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
थाना जिगना पुलिस ने 55 पाउच अवैध देशी शराब के साथ दो अभियुक्तों को पकड़ा, जबकि थाना अहरौरा पुलिस ने 28 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वहीं थाना जमालपुर पुलिस ने 18 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।














