VIRENDRA GUPTA – अहरौरा से लालगंज वाया राजगढ़-कलवारी राज्यमार्ग संख्या 150 घोषित, मार्ग की न्यूनतम चौड़ाई 7 मीटर होगी, अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रति आभार जताया अनुप्रिया पटेल ने कहा, “जनपद के पिछड़े क्षेत्र अहरौरा से सीधे राजगढ़ क्षेत्र जुड़ेगा” जनपद के अहरौरा से लालगंज मार्ग वाया खम्हवा जमती, राजगढ़, कलवारी, लालगंज को राज्य मार्ग संख्या 150 घोषित किए जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं माननीय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रति आभार व्यक्त किया है। श्रीमती पटेल ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार के इस पहल से जनपद के पिछड़े क्षेत्र अहरौरा से सीधे राजगढ़ क्षेत्र जुड़ जाएगा। उन्होंने बताया कि यह मार्ग न्यूनतम 7 मीटर चौड़ा होगा।
अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि अब मध्य प्रदेश के रीवां जिले से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 7 के माध्यम से आने वाला यातायात इस राज्य मार्ग के माध्यम से लालगंज से डाइवर्ट होकर राजगढ़ होते हुए इस राजमार्ग संख्या 150 के माध्यम से अहरौरा की ओर चला जाएगा। इस पहल से जनपद को जाम से निजात मिलने के साथ ही ईंधन की भी बचत होगी। अहरौरा के पिछड़े क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी।
बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 21 सितंबर 2019 को उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य को पत्र लिखा था। पत्र के माध्यम से उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से अनुरोध किया था कि अहरौरा से गोपीगंज मार्ग वाया खम्हवा जमती, राजगढ़, कलवारी, लालगंज, गैपुरा, रामपुर घाट सड़क को राज्यमार्ग के रूप में स्वीकृत करने की कृपा करें। श्रीमती पटेल की इस मांग को उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस बाबत श्रीमती पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने इस मार्ग के छूट गए भाग लालगंज से गोपीगंज वाया रामपुर घाट /गैपुरा को नेशनल हाईवे घोषित कराकर के गंगा पर पुल निर्माण का काम भारत सरकार के वित्त पोषण से कराने हेतु प्रस्ताव को भारत सरकार को प्रेषित करने का भी अनुरोध किया है।
बता दें कि अहरौरा से लालगंज मार्ग वाया खम्हवा जमती, राजगढ़, कलवारी, को राज्यमार्ग संख्या 150 घोषित कर दिए जाने से सोनभद्र जिले से आने वाला यातायात मीरजापुर-राबर्ट्सगंज मार्ग में स्थित राजगढ़ ब्लॉक के थोड़ा आगे से मुड़कर लालगंज होते हुए सीधे गैपुरा से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 76 के माध्यम से प्रयागराज की ओर चला जाएगा। इसके अलावा अहरौरा कस्बे से लालगंज तहसील मुख्यालय जाने वाला यातायात सीधे राजगढ़ ब्लॉक, कलवारी से होते हुए लालगंज होते हुए रीवा, मध्य प्रदेश की तरफ सीधे जा सकता है। वर्तमान में अहरौरा कस्बे के आसपास रहने वाले जन सामान्य को राजगढ़ ब्लॉक मुख्यालय आने में 40 किमी घूमकर या तो चुनार होकर और या तो राबर्ट्सगंज जिले में हिन्दुवारी होकर आना पड़ता है।
होम समाचार