
आंधी और गंगा के बढ़ते जलस्तर से नेवड़िया घाट का पांटून पुल क्षतिग्रस्त, दो दिन रहेगा बंद
मीरजापुर। दिनांक 03 अप्रैल 2026 को आई तेज आंधी और गंगा नदी के अचानक बढ़े जलस्तर के कारण नेवड़िया घाट पर बना पांटून पुल प्रभावित हो गया है। जानकारी के अनुसार पुल का संरेखण (एलाइनमेंट) बिगड़ गया है तथा किनारे का हिस्सा भी खिसकने लगा है, जिससे उसकी स्थिति असुरक्षित हो गई है।
प्रशासन के अनुसार पुल की मरम्मत आवश्यक है, जिसमें लगभग दो दिन का समय लग सकता है। इसी के चलते 04 अप्रैल 2026 से 05 अप्रैल 2026 तक पांटून पुल का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान आमजन को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, मीरजापुर ने बताया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद 06 अप्रैल 2026 से पांटून पुल को पुनः हल्के वाहनों के लिए चालू कर दिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग और सतर्कता बरतने की अपील की है।















