एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक, अधिकारों की दी जानकारी

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया जा रहा जागरूक, हेल्पलाइन व साइबर सुरक्षा की दी जा रही जानकारी

मीरजापुर। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी, एंटी रोमियो टीम एवं अन्य पुलिस अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर चौराहों, बाजारों, मंदिरों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं व छात्राओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।

अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित कई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। साथ ही बाल विवाह, बालश्रम, पाक्सो एक्ट और महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस टीम द्वारा बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में भी बताया जा रहा है और किसी भी समस्या पर अभिभावकों या पुलिस को तुरंत सूचना देने की सलाह दी जा रही है।

इसके अलावा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है। लोगों को बताया गया कि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें तथा अपने बैंकिंग और निजी विवरण किसी से साझा न करें।

पुलिस द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 181, 112, 1098, 108 और 1076 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें