
*एपेक्स ट्रस्ट द्वारा विश्व कैंसर दिवस 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन*
चुनार, मिर्ज़ापुर |
विश्व कैंसर दिवस 2026 के अवसर पर एपेक्स ट्रस्ट इंस्टीट्यूट एंड हॉस्पिटल, समसपुर, चुनार द्वारा एपेक्स के ट्रस्टी प्रो डॉ एस के सिंह की संरक्षता में इस वर्ष की थीम “यूनाइटेड बाय यूनिक” के अंतर्गत आयुर्वेद, फार्मेसी, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं हेतु विशेष कैंसर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, समय पर पहचान को प्रोत्साहित करना तथा इस गंभीर बीमारी से लड़ने हेतु समाज को एकजुट करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. नेहा गुप्ता, कैंसर रोग विशेषज्ञ, एपेक्स हॉस्पिटल कैंसर इंस्टीट्यूट, वाराणसी ने अपने संबोधन में कैंसर से बचाव, प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर निदान एवं आधुनिक उपचार विधियों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित जांच के महत्व पर विशेष बल दिया।
एपेक्स फार्मेसी एवं आयुर्वेदिक संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा चुनार रेलवे स्टेशन पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से आम जनता को कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान और सही समय पर उपचार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया, जिसे दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त हुई।
इस अवसर पर एपेक्स के डीन प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री, आयुर्वेदिक प्रधानाचार्य प्रो. पी. के. सिंह, ट्रस्ट नर्सिंग एवं पैरामेडिकल प्रधानाचार्य प्रो. गोपी एस.एस., उप-प्रधानाचार्य प्रो. उषा रानी आर. सहित सभी फैकल्टी सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एपेक्स ट्रस्ट के चेयरमैन प्रो डॉ एस के सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को एकजुट करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कैंसर से जुड़े मिथकों को दूर करने, प्रारंभिक जांच को प्राथमिकता देने तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।















