
*फिजियो विज़न, स्वास्थ्य नवाचार प्रदर्शनी प्रतियोगिता में एपेक्स बीएएमएस छात्रों ने प्रस्तुत किए पोस्टर एवं वैज्ञानिक मॉडल*

चुनार, मिर्जापुर | एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड हॉस्पिटल, चुनार में क्रिया शारीर विभाग द्वारा आयोजित “फिजियो विज़न 2026” स्वास्थ्य नवाचार प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बीएएमएस प्रथम प्रोफेशनल बैच के छात्र-छात्राओं ने आयुर्वेदिक शरीर क्रिया विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक पोस्टर एवं वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और शैक्षणिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक धन्वंतरि पूजन एवं फीता काटकर किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. उषा द्विवेदी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, क्रिया शारीर विभाग, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज वाराणसी, विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. एस.के. सिंह, चेयरमैन, एपेक्स ट्रस्ट इंस्टीट्यूट, एपेक्स डीन प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री, उपप्रधानाचार्य प्रो. डॉ. पी.के. राय, क्रिया शारीर विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. ऋचा राय, डॉ. आभा सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर एवं समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
अतिथिगणों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए नवाचारी चार्ट एवं कार्यशील मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनकी सराहना की और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में शोध, नवाचार एवं व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ावा देती हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने अपने संदेश में कहा कि “फिजियो विज़न 2026” जैसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की भावना और आत्मविश्वास को विकसित करते हैं, जो उन्हें भविष्य में बेहतर चिकित्सक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. ऋचा राय एवं डॉ. आभा सिंह द्वारा किया गया।















