
कछवां पहुंचे मंडलायुक्त, सड़क मरम्मत कार्य और नगर पंचायत अभिलेखों की जांच
मंडलायुक्त ने कछवां नगर पंचायत का किया आकस्मिक निरीक्षण, सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता भी परखी
मिर्जापुर। विन्ध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने सोमवार को नगर पंचायत कछवां का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय, अभिलेखों तथा कर निर्धारण से संबंधित पत्रावलियों की जांच कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बरैनी तिराहा से गड़ौली धाम तक कराए गए सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
नगर पंचायत कार्यालय में निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त को बताया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 2000 प्रॉपर्टी दर्ज थीं, जबकि नए सर्वे में 1200 प्रॉपर्टी और जुड़ने से इनकी संख्या बढ़कर 3200 हो गई है। मंडलायुक्त ने हाउस टैक्स से संबंधित पांच बड़ी प्रॉपर्टियों की पत्रावलियां लेकर उनका परीक्षण कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के दौरान बुकलेट सही तरीके से तैयार न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि भविष्य में सभी जानकारियां बिंदुवार दर्ज की जाएं, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर नगर पंचायत कछवां की अध्यक्ष मिताली जायसवाल ने मंडलायुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
निरीक्षण के क्रम में मंडलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय बरैनी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, हैंडपंपों की स्थिति, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड वितरण तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
आयुष्मान कार्ड की प्रगति धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अभियान चलाकर शत-प्रतिशत कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जहां कनेक्शन हो चुके हैं वहां नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया। इस दौरान बाल विकास परियोजना के कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी मंडलायुक्त ने भाग लिया।
इसके बाद मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट मिर्जापुर पहुंचकर अभिलेखागार में रखी पत्रावलियों का परीक्षण किया और कार्यालय परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व देवेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता तथा नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका, पेंशन और लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी लालगंज महेंद्र सिंह, चुनार राजेश वर्मा, मड़िहान अनेग सिंह तथा सदर गुलाब चंद्र से भी वादों के निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव, अजीत सिंह, संतोष कुमार ओझा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















