कछवां पुलिस ने चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 शातिर गिरफ्तार

कछवां पुलिस ने चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 शातिर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद

मीरजापुर। कछवां थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोटरसाइकिल के पार्ट्स, औजार, एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को कछवां थाना क्षेत्र के बरैनी निवासी दिनेश कुमार सिंह ने घर का छज्जा तोड़कर कीमती इलेक्ट्रॉनिक तार और प्लंबर सामग्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पतारसी, सुरागरसी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर 11 अप्रैल को पुलिस ने 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश यादव, स्वतंत्र कुमार उर्फ पिंटू, शिवदयाल, आकाश यादव उर्फ आदर्श, वैभव सिंह उर्फ बाबी और अर्जुन शर्मा शामिल हैं। सभी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 बैटरी, 1 इन्वर्टर, 4 बंडल बिजली का तार, 8 साउंड स्पीकर, 4 एम्पलीफायर, 1 साउंड मिक्सर, 3 माइक, 1 कंप्यूटर सेट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल के इंजन व अन्य पार्ट्स, चोरी में प्रयुक्त औजार, बिना नंबर प्लेट की पिकअप और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। दिन में रेकी कर रात में दुकानों, गोदामों और कार्यक्रम स्थलों को निशाना बनाते थे। चोरी के सामान को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर बाद में बेच देते थे और पैसे आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें कछवां, औराई व चिल्ह थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें