
अवैध पोस्ता की खेती का भंडाफोड़, 2086 पौधे बरामद; तीन गिरफ्तार
मीरजापुर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कछवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम गोधना में अवैध रूप से की जा रही पोस्ता की खेती का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मौके से 2086 पोस्ता के पौधे/डोडा बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन लगभग 34.6 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जिले में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 मार्च को थाना कछवां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गोधना में कुछ लोग अवैध रूप से पोस्ता की खेती कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। इस दौरान खेत में अवैध रूप से लगाए गए पोस्ता के पौधों को बरामद करते हुए तीन आरोपियों महेंद्र कुमार मौर्य (68), अरविंद कुमार मौर्य (35) और प्रवीण कुमार मौर्य (30) निवासी ग्राम गोधना थाना कछवां को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2086 पोस्ता के पौधे/डोडा बरामद किए। इस संबंध में थाना कछवां में मुकदमा संख्या 44/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।















