
कछवां में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
कछवां, मिर्जापुर। आदर्श नगर पंचायत कछवां में आगामी 16 जुलाई 2026, दिन बृहस्पतिवार को भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक रथयात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। रथयात्रा का शुभारंभ सायं 4 बजे से होगा।
कई वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही इस रथयात्रा का नगर एवं क्षेत्र में विशेष धार्मिक और पौराणिक महत्व माना जाता है। कार्यक्रम का आयोजन मझवा विधानसभा अध्यक्ष वैश्य समाज उत्तर प्रदेश एवं पूर्व नामित सभासद बृजेश कुमार गुप्ता तथा शंकर लाल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
रथयात्रा कछवां के मंगलवारी वार्ड स्थित श्री राम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर पुलिस चौकी, उच्च माध्यमिक विद्यालय, थाना तिराहा सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं वार्डों से होकर गुजरेगी। इसके बाद रथयात्रा पुनः उसी मार्ग से होते हुए दर्जियों वार्ड, टेकबहादुर वार्ड तथा अन्य मोहल्लों से गुजरते हुए बुच्चुन साहू के सिवाला पहुंचेगी, जहां भगवान श्रीराम और भगवान हनुमान के मिलन का कार्यक्रम, आरती एवं पूजन संपन्न होगा। इसके उपरांत रथयात्रा पुनः श्री राम जानकी मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी।
आयोजकों ने नगर एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करें तथा रथयात्रा और मेले की शोभा बढ़ाएं।
रथयात्रा की तैयारियों के तहत नगर में साफ-सफाई और धुलाई का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। इस दौरान पूर्व मंडल महामंत्री जितेंद्र कुमार गुप्ता, मोनू उमर, अजय गुप्ता, बृजेश कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रथयात्रा के आयोजक एवं मझवा विधानसभा अध्यक्ष वैश्य समाज उत्तर प्रदेश तथा पूर्व नामित सभासद बृजेश कुमार गुप्ता ने उक्त जानकारी दी।















