कम बारिश में दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती करें किसान : सूर्य प्रताप शाही

कम बारिश में दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती करें किसान : सूर्य प्रताप शाही

मीरजापुर दौरे पर किसान कल्याण केंद्र का लोकार्पण, फसल बीमा योजना के लाभार्थियों को वितरित किए चेक

मीरजापुर, 7 जुलाई। उत्तर प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को मीरजापुर जनपद के दौरे पर पड़री स्थित नवनिर्मित किसान कल्याण केंद्र का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने बीएचयू बरकछा परिसर में आयोजित एक दिवसीय किसान मेला एवं गोष्ठी में भाग लिया और किसानों को कम वर्षा की स्थिति में कम पानी तथा कम अवधि वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी।

मंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 56 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। मीरजापुर में भी सामान्य वर्षा की तुलना में काफी कमी दर्ज की गई है। ऐसे में किसानों को दलहनी, तिलहनी एवं मिलेट्स फसलों की खेती पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि कम पानी में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके।

गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों ने अलनीनो के प्रभाव, प्राकृतिक खेती और खेत बचाओ अभियान पर किसानों को विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 10 लाभार्थी किसानों को फसल क्षतिपूर्ति के चेक भी वितरित किए।

कार्यक्रम में रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिस्मिता मौर्य सहित कृषि विभाग के मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके बाद मंत्री ने मां अष्टभुजा मंदिर स्थित जिला पंचायत सभागार में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान और सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बीजों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने, सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने, गो-आश्रय स्थलों एवं किसानों के पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने तथा वृक्षारोपण के लिए समय से पौध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कृषि विभाग के फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों से भी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। मंत्री ने निर्देश दिया कि विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को उनका लाभ दिलाया जाए।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें