चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर मीरजापुर में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू

मीरजापुर। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर विन्ध्याचल धाम में लगने वाले वार्षिक मेले को देखते हुए मीरजापुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 18 मार्च 2026 की सुबह 6 बजे से 27 मार्च 2026 की रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।

यातायात शाखा द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस अवधि में मीरजापुर शहर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। प्रयागराज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गैपुरा चौराहे से विजयपुर होते हुए लालगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि नटवा तिराहा से विन्ध्याचल की ओर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक जांच के बाद सीमित प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि बालू, गिट्टी, मोरंग और लोहे से लदे वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें लालगंज व चुनार की ओर भेजा जाएगा।

दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रयागराज की ओर से आने वाली बसों को अष्टभुजा बस पार्किंग, जबकि सोनभद्र व मध्य प्रदेश से आने वाली बसों को अमरावती और घमहापुर पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वाराणसी, जौनपुर और भदोही की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में वैकल्पिक और कंटीजेंसी पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही किसी भी वाहन को सड़क पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी और नियमों का उल्लंघन करने पर क्रेन की मदद से कार्रवाई की जाएगी।

मेले की यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए अमरावती चौराहे पर अस्थायी यातायात नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें