जनपद मीरजापुर में कुल 355747 पंजीकृत निर्माण श्रमिक

6

निर्माण श्रमिक 15 अक्टूबर 2025 से पूर्व कराये नवीनीकरण

मीरजापुर 11 अक्टूबर 2025- सहायक श्रमायुक्त सतीश सिंह ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया है कि उ० प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड अंतर्गत बोर्ड द्वारा 18 से 60 वर्ग के आयु के निर्माण श्रमिकों द्वारा जन सेवा केन्द्र अथवा ओपेन पोर्टल (upbocw.in) के माध्यम से पंजीयन की कार्यवाही की जाती है। वर्तमान में जनपद मीरजापुर में कुल 355747 पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। इनमें से सक्रिय निर्माण श्रमिकों की संख्या 320731 है। शेष 35016 पंजीकृत निर्माणों ने अपना नवीनीकरण अभी तक नहीं कराया है। निर्माण श्रमिकों द्वारा बोर्ड के विभिन्न संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जाता है। पंजीकृत निर्माण श्रमिक द्वारा प्रत्येक वर्ष अद्यतन रूप से निर्माण कार्य से संलग्न होने की दशा में पंजीकरण के नवीनीकरण का कार्य भी कराना होता है। उ० प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव द्वारा निर्माण श्रमिकों को जागरूक करते हुये यह बताया गया है कि 15 अक्टूबर 2025 के उपरान्त ऐसे सभी निर्माण श्रमिक जिन्होनें 04 वर्षों या उससे अधिक समय से नवीनीकरण नहीं कराया है, तो ऐसे श्रमिकों को 15 अक्टूबर 2025 के उपरान्त बोर्ड द्वारा निष्क्रीय सूची में सम्मिलित कर दिया जायेगा। इसके उपरान्त निष्क्रीय सूची के श्रमिकों की गणना पंजीकृत निर्माण श्रमिकों में नहीं की जायेगी।

अतः जनपद मीरजापुर के अंतर्गत समस्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को सूचित किया जाता है कि उनके द्वारा अपना नवीनीकरण नजदीकी जन सेवा केन्द्र / ओपेन पोर्टल (upbocw.in) के माध्यम से दिनांक 15.10.2025 तक किया जाना सुनिश्चित करें। अन्यथा की दशा में बोर्ड द्वारा उनका पंजीयन समाप्त कर दिया जायेगा।