
मुठभेड़ में गो-तस्कर घायल, अवैध असलहा बरामद; लालगंज क्षेत्र में पुलिस की लगातार सख्त कार्रवाई
मीरजापुर, 21 मार्च 2026। थाना जिगना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गो-तस्करी के वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन व नगदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि 19 मार्च को जिगना क्षेत्र में पाली के पास एक ट्रक से 26 गोवंश बरामद किए गए थे, जिसके संबंध में गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
उक्त मामले में फरार चल रहे अभियुक्त सिराज अहमद को पकड़ने के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। 21 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम कुसहां जडावती नदी पुलिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा 1200 रुपये नगद बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
इधर, लालगंज क्षेत्र में भी पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। विभिन्न मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सतत कार्रवाई से कानून व्यवस्था मजबूत होती दिखाई दे रही है।











