
मीरजापुर, 19 मार्च 2026। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कर विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र परिवारों, विशेषकर 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नागरिकों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) मामलों में कड़ी निगरानी रखने तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम के कार्यों की समीक्षा करते हुए खराब प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
आईपीडी की समीक्षा में मेडिकल कॉलेज, चील्ह व विजयपुर में मरीजों की संख्या कम पाए जाने पर इसे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं एम्बुलेंस 102 व 108 सेवाओं की समीक्षा करते हुए मरीजों को सही गंतव्य तक न पहुंचाने वाले कर्मियों पर कार्रवाई करने को कहा गया। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मूवमेंट रजिस्टर बनाए रखने और एम्बुलेंस संचालन का पूरा लेखा-जोखा रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने संक्रामक आशंका वाले गंभीर मरीजों की स्क्रीनिंग के साथ आसपास के मरीजों की भी जांच सुनिश्चित करने को कहा। राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिहीनता कार्यक्रम के तहत दृष्टि संबंधी समस्या वाले मरीजों को तत्काल आई सर्जन के पास रेफर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पीपीपी परियोजनाएं, ईएनसी रजिस्ट्रेशन, कुष्ठ एवं क्षय रोग, जननी सुरक्षा योजना, मातृ मृत्यु ऑडिट, टीकाकरण, फैमिली प्लानिंग, एसएनसीयू, ओपीडी-आईपीडी प्रगति, आभा रिपोर्ट सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















