
जुबली इंटर कॉलेज पुलिस लाइन में डिज्नी पार्क मेला शुरू
एमएलसी विनीत सिंह ने किया उद्घाटन, शिमला कॉटेज व लंदन चौक बना आकर्षण
मिर्जापुर। जुबली इंटर कॉलेज पुलिस लाइन परिसर में डिज्नी पार्क मेला शनिवार को भव्य माहौल में शुरू हुआ। मेले का शुभारंभ एमएलसी विनीत सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। एमएलसी ने मेले की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन शहर में मनोरंजन और पारिवारिक वातावरण को और समृद्ध करते हैं।
एमएलसी विनीत सिंह ने उद्घाटन के बाद पत्रकार वार्ता में कहा कि मेले के आयोजकों के द्वारा वाराणसी में कई बार मेले का आयोजन किया गया लेकिन पहली बार हमारे कहने पर मां विंध्यवासिनी धाम के क्षेत्र में मेले का आयोजन किया गया है
मेले में इस बार आकर्षण का केंद्र डिज्नी थीम पर आधारित भव्य सजावट के साथ शिमला की ठंड के एहसास वाला विशेष कॉटेज भी बनाया गया है, जहां कृत्रिम धुंध, ठंडा वातावरण और पहाड़ी डिजाइन लोगों को नया अनुभव दे रहा है। इसके अलावा लंदन की तर्ज पर तैयार ‘लंदन चौक’ और एफिल टावर का आकर्षक मॉडल भी लोगों की भीड़ खींच रहा है। इन डिजाइनों के सामने फोटो खिंचवाने की होड़ लगी हुई है।
बच्चों के लिए झूले, टॉय ट्रेन, ब्रेकडांस, बम्पर कार, ड्रैगन झूला, जंपिंग फ्रेम और कैरोसेल जैसी राइड्स पूरे मेले में रौनक भर रही हैं। गेम जोन में शूटिंग, रिंग गेम, बॉल थ्रो और तीरंदाजी जैसे कई खेलों में बच्चे लगातार हिस्सा ले रहे हैं।
खानपान के स्टॉल मेले की चहल-पहल को और बढ़ा रहे हैं। चाट, कुल्फी, चाइनीज फूड, दक्षिण भारतीय व्यंजन और फास्ट फूड सहित अनेक स्वाद उपलब्ध हैं। खरीदारी ज़ोन में खिलौने, बच्चों के परिधान, घरेलू सामान और गिफ्ट आइटम की दुकानें लगी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस लाइन एवं स्थानीय पुलिस ने व्यापक इंतज़ाम किए हैं।
आयोजकों ने बताया कि मेला कई दिनों तक चलेगा और प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं व बच्चों के टैलेंट शो का आयोजन किया जाएगा। मेले के पहले दिन ही भारी भीड़ उमड़ी और शहर के लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा है।















