डीएम के निर्देश पर पड़ेरी में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, सात दिन तक चलेगा अभियान

डीएम के निर्देश पर पड़ेरी में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, सात दिन तक चलेगा अभियान

मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर सदर एसडीएम गुलाब चन्द्र ने सोमवार को थाना कछवां क्षेत्र के ग्राम पड़ेरी में ग्राम पंचायत की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर जेसीबी से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत जिलाधिकारी और सदर एसडीएम के पास पहुंची थी। शिकायत के बाद एसडीएम सदर ने होली से दो दिन पूर्व ग्राम पड़ेरी का निरीक्षण किया था और अवैध कब्जों को हटाने का निर्देश दिया था। उसी के क्रम में सोमवार को राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया।

अभियान के दौरान थाना कछवां प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, नायब तहसीलदार मझवां नगीना सिंह, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र भारती तथा लेखपाल दिलीप गोंड, सुरेंद्र कुमार, आयुष सिंह, दिनेश कुमार, रजनीश पांडेय, सोनी संत और प्रवीण सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसडीएम सदर ने बताया कि ग्राम में तालाब की भूमि पर भी अतिक्रमण पाया गया था। जांच में तालाब की गाटा संख्या को फर्जी तरीके से अपने नाम दर्ज कराने का मामला सामने आने पर उसे निरस्त कर पुनः तालाब की श्रेणी में दर्ज कर दिया गया है। साथ ही अवैध तरीके से नाम दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अवैध कब्जों को हटाने का अभियान करीब सात दिन तक चलेगा। इसके बाद ग्राम पंचायत व्यासपुर, जामुवारी समेत अन्य गांवों में भी जेसीबी से अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें