
डैफोडिल्स स्कूल में नौ कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 9 जोड़ों ने लिए सात फेरे, अब तक 124 जोड़े बंधे विवाह बंधन में
मिर्जापुर, 4 दिसंबर।
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में वार्षिक परंपरा के तहत ‘शेयर एंड केयर’ के बैनर तले नौ कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। स्कूल के डायरेक्टर अमरदीप सिंह और अपराजिता सिंह द्वारा वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए आयोजित किए जाने वाले इस आयोजन में इस बार भी विवाह की सभी विधियां वैदिक रीति से संपन्न कराई गईं।
विवाह संस्कार ख्याति प्राप्त ज्योतिषाचार्य एवं कर्मकांड विशेषज्ञ डॉ. रामलाल त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया। पूरे कार्यक्रम में विवाह गीतों और मंत्रों की गूंज से वातावरण मंगलमय हो उठा।
कार्यक्रम में डैफोडिल्स की चेयरपर्सन डॉ. डी. भाटिया, डायरेक्टर अमरदीप सिंह, अपराजिता सिंह, साहिबा सिंह, काशिका सिंह सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी भी इस पुण्य अवसर के साक्षी बने।
इस वर्ष जिन जोड़ों ने सात फेरे लिए, उनमें —
आंचल–कमलेश, शमा–महेश, रागनी–किसन, माया–विद्याधर, मोती–धर्मेंद्र, प्रतिमा–आलोक, रानी–श्याम जी और रूबी–प्रदीप शामिल हैं।
विवाह के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी का पूरा सामान भेंटस्वरूप प्रदान किया गया। दोनों पक्ष के परिजनों का सम्मानपूर्वक स्वागत-सत्कार किया गया।
अब तक डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के माध्यम से 124 जोड़े विवाह बंधन में बंध चुके हैं।















