डॉ त्रिलोचन भाटिया के निधन से चिकित्सा जगत को अपूरणीय क्षति -राष्ट्रीय अध्यक्ष

मिर्जापुर।
जिले की प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. त्रिलोचन भाटिया का अंतिम संस्कार संपन्न हो चुका है। उनके निधन से जनपद में शोक का माहौल बना हुआ है। अंतिम संस्कार के उपरांत भी शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का उनके आवास पर लगातार आगमन हो रहा है। समाज के हर वर्ग के लोग पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
डॉ. त्रिलोचन भाटिया के पुत्र अमरदीप सिंह, जो डैफोडिल पब्लिक स्कूल के संचालक हैं, अपने सामाजिक कार्यों के लिए जिलेभर में जाने जाते हैं। वे गरीब कन्याओं की शादी में सहयोग, जरूरतमंदों को कंबल वितरण, नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक व सामाजिक आयोजनों तथा निर्धन और असहाय लोगों की सहायता जैसे अनेक वेलफेयर कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इसी कारण समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी व्यापक पहचान और सम्मान है।
अंतिम संस्कार के बाद उनके आवास पर जिलेभर से संभ्रांत नागरिकों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, व्यापारियों, पत्रकारों एवं आम लोगों का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी उनके आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
डॉ. त्रिलोचन भाटिया को एक सरल, मृदुभाषी और सेवाभावी चिकित्सक के रूप में स्मरण किया जा रहा है। उनका जाना जनपद के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। पूरे जिले में शोक और संवेदना का वातावरण बना हुआ है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें