
मीरजापुर पुलिस की साइबर सेल ने दो अलग-अलग ऑनलाइन साइबर फ्रॉड मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों के खातों में कुल ₹73,681.11 की धनराशि वापस कराई है। यह कार्रवाई थाना कोतवाली शहर साइबर सेल टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला मामला 27 अगस्त 2024 का है, जिसमें धुंधी कटरा निवासी सोनी सिंह से ट्रेडिंग एप के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देकर ₹95,986 की ठगी की गई थी। पीड़िता ने इस संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं दूसरा मामला 26 अगस्त 2025 का है, जिसमें अकबरपुर टाउन, जिला भागलपुर निवासी मुकेश कुमार, जो वर्तमान में मीरजापुर में ईएमएस लिमिटेड कंपनी के सीवरेज नेटवर्क प्रोजेक्ट में कार्यरत हैं, के खाते से एक .apk फाइल भेजकर ₹99,990 की ठगी की गई थी।
दोनों शिकायतें थाना कोतवाली शहर में प्राप्त होने के बाद साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच और बैंकिंग समन्वय के माध्यम से कार्रवाई की। जांच के दौरान सोनी सिंह के खाते में ₹28,632 तथा मुकेश कुमार के खाते में ₹45,049.11 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
खाते में धनराशि वापस मिलने के बाद दोनों पीड़ित थाने पहुंचे और साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर साइबर सेल टीम ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए और दूसरों को भी सतर्क करने की अपील की।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कोतवाली शहर साइबर सेल टीम के उप-निरीक्षक दयाशंकर ओझा, थानाध्यक्ष कोतवाली शहर तथा महिला आरक्षी पारुल श्रीवास्तव की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, एप या लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें और ठगी की स्थिति में तुरंत एनसीआरपी पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।















