धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन का आरोप, राजगढ़ पुलिस ने वांछित अभियुक्त को दबोचा

धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन का आरोप, राजगढ़ पुलिस ने वांछित अभियुक्त को दबोचा
मीरजापुर। थाना राजगढ़ क्षेत्र में धर्म परिवर्तन से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामला धन का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास से जुड़ा हुआ है, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया।
इस संबंध में थाना राजगढ़, जनपद मीरजापुर पर 07 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति द्वारा नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि वादी को धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना राजगढ़ पर मुकदमा संख्या 191/2025 धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई थी।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी आपरेशन के नेतृत्व में थाना राजगढ़ पुलिस को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में सोमवार 05 जनवरी 2026 को प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राजनाथ प्रजापति, निवासी बट (झोरिया) मधुपुर, थाना राबर्टसगंज, जनपद सोनभद्र को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।