
नकली पिस्टल के साथ डांस करना युवक को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
शादी समारोह में पिस्टल लहराकर डांस का वीडियो वायरल, युवक गिरफ्तार
मीरजापुर। सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते हुए डांस करने का एक वीडियो सामने आने के बाद अदलहाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना 30 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, जब एक व्यक्ति शादी समारोह के दौरान हाथ में पिस्टल लेकर डांस करता नजर आया था।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी की पहचान छोटू पुत्र किशोरी निवासी बरईपुर, थाना अदलहाट के रूप में की गई। युवक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान सामने आया कि युवक के हाथ में जो पिस्टल दिखाई दे रही थी, वह असली नहीं बल्कि एक टॉय गन (नकली पिस्टल) थी। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियार जैसी वस्तु लहराकर डांस करने और वीडियो वायरल होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अदलहाट पुलिस का कहना है कि इस तरह के कृत्य से समाज में गलत संदेश जाता है, इसलिए मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।















