
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी समेत चार गिरफ्तार, 34 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई
मिर्जापुर। जिले में अपराध एवं कानून-व्यवस्था के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त को पकड़ा गया तथा तीन वारंटियों को न्यायालय में पेश किया गया।
थाना मड़िहान पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी संगम उर्फ डॉक्टर पुत्र गुलाब निवासी अटारी, थाना मड़िहान को गिरफ्तार किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर 17 जून को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
वहीं थाना राजगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोनू करवल पुत्र पृथ्वी करवल निवासी कंजड़ बस्ती, थाना राजगढ़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच लीटर अवैध देशी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा जनपदीय पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर थाना कोतवाली देहात से दो तथा थाना अहरौरा से एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 34 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की गई। इनमें लालगंज में 12, कोतवाली देहात में 8, विंध्याचल और अहरौरा में 6-6, जमालपुर और हलिया में एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।















