
नारायणपुर स्टेशन पर मजदूरों का भुगतान अटका, भुखमरी की स्थिति
मिर्जापुर। जनपद के नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे इलेक्ट्रिकल कार्य में लगे मजदूरों को अब तक भुगतान न मिलने से उनके सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। मजदूरों के मुखिया भागीरथी ने फोन पर बताया कि उनके साथ काम कर रहे आधा दर्जन से अधिक मजदूरों का भुगतान कंपनी द्वारा रोक दिया गया है, जिससे सभी मजदूर भारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
भागीरथी का आरोप है कि एस एस पी कंपनी के मैनेजर शिवा सिंह द्वारा मजदूरों का पेमेंट रोका गया है। मजदूरों का कहना है कि लंबे समय तक काम करने के बावजूद जब मेहनताना नहीं मिलता तो परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाता है। नारायणपुर स्टेशन पर रहकर काम कर रहे मजदूरों के पास अब खाने-पीने तक की समस्या खड़ी हो गई है।
इस मामले में एस एस पी कंपनी के मैनेजर शिवा सिंह ने बताया कि उनका खुद का भुगतान गोदरेज कंपनी से रुका हुआ है, जिस कारण मजदूरों को पूरा भुगतान नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें खेद है। साथ ही यह भी कहा कि यदि मजदूर नारायणपुर छोड़कर मथुरा आ जाएं तो वहां काम मिलने से खाली बैठने की स्थिति में कुछ राहत मिल सकती है।
वहीं पीड़ित मजदूर मुखिया भागीरथी ने इस प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मिर्जापुर में काम कराने के बाद भुगतान नहीं मिला तो मथुरा बुलाकर भुगतान मिलने की क्या गारंटी है। मजदूरों का कहना है कि पहले बकाया भुगतान किया जाए, उसके बाद ही आगे काम पर जाने का निर्णय लिया जाएगा।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रिकल कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है और शेष कार्य पूरा होने में अभी करीब एक वर्ष का समय लग सकता है। भुगतान को लेकर मजदूरों में नाराजगी साफ देखी जा रही है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मजदूर आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं, जिससे कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।















