पवन कुमार गंगवार ने नगर पालिका परिषद चुनार का किया निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी

पवन कुमार गंगवार ने नगर पालिका परिषद चुनार का किया निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी

मीरजापुर, 21 फरवरी 2026। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नगर पालिका परिषद चुनार का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान भवन मानचित्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नामांतरण तथा राजस्व अभिलेखों का परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने भवन मानचित्र से संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कम निर्गत होने पर असंतोष जताते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का तय समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित किया जाए और आवेदकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

राजस्व निरीक्षक कक्ष में अभिलेखों के समुचित रखरखाव न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दस्तावेजों को रैक लगाकर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। नामांतरण रजिस्टर में अद्यतन स्थिति स्पष्ट करने और प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने को कहा गया।

सफाई एवं खाद्य निरीक्षक कक्ष के निरीक्षण में बताया गया कि नगर पालिका में 85 सफाई कर्मी सहित कुल 141 कर्मचारी कार्यरत हैं। आदर्श नगर पालिका के अंतर्गत निर्मित दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता बरतने तथा निर्धारित किराया व प्रीमियम तय कर नीलामी कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आय में वृद्धि हो सके।

चकईपुर में निर्मित सीसी सड़क के आगणन पर जिलाधिकारी ने आपत्ति जताई। एक अन्य सीसी सड़क के लगभग 40 लाख रुपये के आगणन पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए पूरे प्रकरण का पुनरीक्षण कराने तथा कार्य के सापेक्ष ही नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

नगर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव को निर्देशित किया गया कि शासन से प्राप्त धन का सदुपयोग कर सभी परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराई जाएं। विलंब करने वाले ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई तथा पूर्ण परियोजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र भेजने को कहा गया।

अमृत सरोवर एवं वंदन योजना के तहत घाट व उपवन निर्माण कार्यों में विलंब पर असंतोष जताते हुए प्रभागीय वनाधिकारी से समन्वय स्थापित कर कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। 15वें वित्त के कार्य तत्काल शुरू कराने तथा नगर के विद्यालयों में एमडीएम शेड निर्माण कराने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस एवं अन्य शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आवश्यक होने पर स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन मंसूर अहमद एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें