
मिर्जापुर — प्रधान अनीता सिंह ने पति पर दर्ज मुकदमे को बताया मनगढ़ंत, निष्पक्ष जांच की मांग
मिर्जापुर। मुजेहरा कला गांव की प्रधान अनीता सिंह ने अपने पति अनिल सिंह पर दर्ज मुकदमे को लेकर शुक्रवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि दर्ज किया गया मुकदमा झूठा, मनगढ़ंत और व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम है। प्रधान ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने राजनीतिक द्वेषवश यह मुकदमा कराया है ताकि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
अनीता सिंह ने बताया कि एफआईआर में उनके पति अनिल सिंह का नाम भी स्पष्ट रूप से नहीं लिखा गया है, जिससे यह साफ होता है कि मुकदमा जल्दबाजी और दबाव में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके पति गांव के विकास कार्यों में लगातार सक्रिय रहते हैं, जिससे कुछ लोगों को आपत्ति रहती है और वही लोग अब इस तरह के कदम उठा रहे हैं।
प्रधान ने कहा कि रंजिश को बेवजह संघ से जोड़कर मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि इसका किसी संगठन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थवश उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रधान अनीता सिंह ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिर्जापुर से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच ईमानदारी से कराई गई तो सच सामने आ जाएगा और निर्दोष को न्याय मिलेगा।
प्रधान अनीता सिंह का बयान:
“रंजिश व्यक्तिगत है, जबकि हम और हमारा खानदान आरएसएस के लिए हमेशा समर्पित रहता है क्योंकि उनका विचारधारा और आरएसएस का विचारधारा मेल खाता है इसे बेवजह संघ से जोड़कर मुकदमा लिखा गया है। एफआईआर में नाम भी स्पष्ट नहीं है। हम निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं ताकि सच सबके सामने आए।”















