
सद्भावना नगर हत्याकांड में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार
मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना नगर में ग्राम प्रधान पति राजीव उर्फ रिंकू सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 11 अप्रैल 2026 की सुबह की है, जब देवरी विरोही निवासी और ग्राम प्रधान पति राजीव उर्फ रिंकू सिंह (करीब 40 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कटरा कोतवाली में तत्काल दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों का गठन कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए थे।
इसी क्रम में पुलिस राबर्टसगंज तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पीएसी गेट के आगे पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई।
घायल आरोपी ने अपना नाम राजेन्द्र सोनकर निवासी देवरी विरोही, थाना विंध्याचल बताया। वह इस हत्याकांड में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस (12 बोर) बरामद किए हैं।
पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय मीरजापुर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।














