प्रयागराज शास्त्री पुल मरम्मत का असर, मीरजापुर में बदली भारी वाहनों की नो-एंट्री व्यवस्था

प्रयागराज शास्त्री पुल मरम्मत का असर, मीरजापुर में बदली भारी वाहनों की नो-एंट्री व्यवस्था

प्रयागराज शास्त्री पुल मरम्मत के चलते मीरजापुर में बदली नो-एंट्री व्यवस्था, रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक भारी वाहनों को मिलेगी छूट

मीरजापुर। प्रयागराज स्थित शास्त्री पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण भारी वाहनों के आवागमन पर लगाए गए प्रतिबंध का असर अब मीरजापुर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। बढ़ते भारी वाहन दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने जनपद में लागू नो-एंट्री व्यवस्था में अस्थायी संशोधन किया है।

यातायात शाखा द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रयागराज में शास्त्री पुल का मरम्मत कार्य 3 जून से 15 जुलाई 2026 तक चल रहा है, जिसके चलते भारी वाहनों का आवागमन वहां प्रतिबंधित है। इसके कारण प्रयागराज होकर जाने वाले भारी वाहन अब मीरजापुर के शास्त्री पुल से होकर वाया औराई-गोपीगंज मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही सोनभद्र और मध्य प्रदेश जाने वाले वाहनों की संख्या भी बढ़ गई है।

भारी वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण पूर्व निर्धारित नो-एंट्री अवधि में वाहन शास्त्री पुल पार नहीं कर पा रहे थे, जिससे शहर में लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यातायात विभाग ने नो-एंट्री समय में संशोधन करते हुए रात 10 बजे से प्रातः 7 बजे तक भारी वाहनों को छूट प्रदान करने का निर्णय लिया है।

यह संशोधित व्यवस्था 16 जून 2026 से 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अस्थायी है तथा परिस्थितियों के अनुसार आगे नो-एंट्री के समय में पुनः बदलाव संबंधी आदेश जारी किए जाएंगे। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें