
फर्स्टक्राई इंटेलिटॉट्स प्रीस्कूल में डेंटल कैम्प, बच्चों को सिखाए गए दांतों की देखभाल के गुर
मिर्जापुर, 12 अप्रैल 2026 शहर के सेफ्टन मिल चौराहा शीतला माता मंदिर के पास स्थित फर्स्टक्राई इंटेलिटॉट्स प्रीस्कूल में शनिवार को डेंटल हेल्थ को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंडियन डेंटल एसोसिएशन (IDA) मिर्जापुर की वूमेन डेंटल काउंसिल के सहयोग से आयोजित इस डेंटल कैम्प में बच्चों को दांतों की सही देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
कैम्प के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने छोटे बच्चों को बेहद सरल और रोचक तरीके से दांतों की सफाई, सही तरीके से ब्रश करने की विधि और डेंटल केयर के महत्व के बारे में जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि स्वस्थ शरीर के लिए दांतों का स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है, जितना अन्य अंगों का।
कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और मनोरंजक बनाने के लिए विद्यालय की शिक्षिकाओं ने डेंटल हाइजीन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ और क्राफ्ट्स भी आयोजित कराए। इन गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सीखने के साथ-साथ आनंद भी उठाया।
इस डेंटल कैम्प को सफल बनाने में डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, डॉ. शिल्पी तिवारी, डॉ. अनामिका केशरी, डॉ. रिंकी श्रीवास्तव और डॉ. नेहा दुबे का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधक श्रुति केसरी ने बताया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं।














