बच्चों की सफलता के लिए अभिभावकों का तनावमुक्त होना जरूरी : करण अरोड़ा

मिर्जापुर, 09 जुलाई 2026 डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, लोहिया तालाब में बुधवार को “तनाव-मुक्त अभिभावकत्व” विषय पर एक प्रेरणादायक मास्टरक्लास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता कर बच्चों के बेहतर पालन-पोषण और सकारात्मक पारिवारिक वातावरण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन द आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ फैकल्टी एवं अभिनेता करण अरोड़ा ने विद्यालय की निर्देशिका अपराजिता सिंह के साथ किया। कार्यक्रम की मुख्य थीम थी, “आपके बच्चे की सफलता आपकी भावनात्मक भलाई से शुरू होती है।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पल्लवी सिंह, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, मिर्जापुर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गरिमा सिंह, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) उपस्थित रहीं। इसके साथ ही मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी एवं वर्तमान में उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग में विशेष सचिव दिव्या मित्तल भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
मास्टरक्लास के दौरान करण अरोड़ा ने अभिभावकों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में मन को शांत और स्थिर रखने, बच्चों के साथ विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाने तथा परिवार में सकारात्मक माहौल विकसित करने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने शांति, स्पष्टता और एकाग्रता बढ़ाने के लिए सरल श्वास तकनीकों और ध्यान अभ्यास का भी प्रदर्शन कराया।
सत्र में अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उनके साथ संवाद और विश्वास का रिश्ता विकसित करना अधिक महत्वपूर्ण है। साथ ही घर को अधिक खुशहाल, स्वस्थ और आपसी जुड़ाव वाला बनाने के लिए नियमित पारिवारिक समय बिताने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने बच्चों के सामने आने वाली प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने अभिभावकों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा बच्चों के साथ बिताने और उनसे खुलकर बातचीत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की तुलना अन्य बच्चों से करना उनके आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकता है, इसलिए ऐसी तुलना से बचना चाहिए।
विद्यालय की निर्देशिका अपराजिता सिंह ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम अभिभावकों और बच्चों दोनों के लिए लाभदायक साबित होते हैं और विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के सार्थक आयोजनों को जारी रखेगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें