
बजाज स्कूल में 400 कैडेटों ने दी एनसीसी ‘A’ सर्टिफिकेट परीक्षा
मीरजापुर। सेठ द्वारका प्रसाद बजाज स्कूल परिसर में एनसीसी ‘A’ सर्टिफिकेट की लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 400 एनसीसी कैडेटों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

यह परीक्षा 101 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राकेश उपाध्याय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
परीक्षा के संचालन में सूबेदार बलदेव सिंह, हवलदार हरिंदर सिंह तथा एएनओ संदीप गोस्वामी का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान बीवीआईसी, राजस्थान इंटर कॉलेज, सेंट मैरी, लायंस स्कूल, एसआईबीएसएन भदोही, एबीपीएस रेणुकूट और डीएवी सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रशासन की ओर से इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करने पर सभी अधिकारियों एवं सहभागी संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।















