
बिजली कर्मियों ने निजीकरण के विरोध में भरी हुंकार, 25 मई को वाराणसी में होगी विरोध सभा
मिर्जापुर। जनपद में आयोजित जन जागरण रैली के तहत केंद्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में बिजली कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक एवं विरोध सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में केंद्रीय पदाधिकारी जितेंद्र सिंह गुर्जर, महेंद्र राय, प्रेमनाथ राय और वसीम अहमद सहित जनपद के बड़ी संख्या में बिजली कर्मियों ने सहभागिता की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 मई को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड परिसर वाराणसी में अपराह्न दो बजे से विरोध सभा आयोजित की जाएगी। सभा का उद्देश्य विद्युत कर्मियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के साथ संगठनात्मक एकता को मजबूत करना बताया गया।
वक्ताओं ने विद्युत क्षेत्र के निजीकरण का विरोध करते हुए कर्मचारियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों को बंद करने तथा ऊर्जा मंत्री द्वारा पूर्व में किए गए समझौतों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से एकजुट होकर अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

सभा में इंजीनियर शेखर सिंह, सुमित कुमार यादव, दिलीप कुमार, पंकज कुमार, प्रमोद कुमार, विनय कुमार गुप्ता, शिव शंकर सिंह, प्रदीप कुमार, विनोद कुमार चौधरी, आशुतोष बाजपेई, श्याम नारायण, सत्यनारायण, मनोज कुमार यादव और सरफराज समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम की जानकारी जनपद संयोजक दीपक पटेल ने दी।















