बीडीओ पर अपमान का आरोप, ग्राम प्रधान के बाद पंचायत सहायक व मेठ ने भी दिया इस्तीफा

बीडीओ पर अपमान का आरोप, ग्राम प्रधान के बाद पंचायत सहायक व मेठ ने भी दिया इस्तीफा

मिर्जापुर। विकास खंड सिटी के बीरपुर ग्राम पंचायत में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पर अपमानजनक व्यवहार के आरोपों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम प्रधान द्वारा शिकायत पत्र देकर इस्तीफा देने के बाद पंचायत सहायक और मेठ ने भी अपने-अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया है।

ग्राम प्रधान ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि ब्लॉक कार्यालय पर बुलाकर उनके साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे आहत होकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराते हुए पद छोड़ दिया। इसके बाद पंचायत सहायक ने भी सात माह से मानदेय न मिलने और अपमानित किए जाने का आरोप लगाते हुए 2 अप्रैल 2026 को इस्तीफा दे दिया।

इसी क्रम में सामने आए मेठ के प्रार्थना पत्र में भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मेठ साधना बिंद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम प्रधान के इस्तीफे के बाद उन्हें ब्लॉक कार्यालय बुलाया गया, जहां खंड विकास अधिकारी द्वारा उनके साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया गया। साथ ही उनके पति से संबंधित कार्यों के भुगतान में भी अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया है। इन परिस्थितियों से आहत होकर उन्होंने भी 2 अप्रैल 2026 को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया और संबंधित अधिकारियों से इसे स्वीकार करने की मांग की है।

लगातार तीन पदाधिकारियों के इस्तीफे से ग्राम पंचायत बीरपुर में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है, जबकि जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें