
बृहद त्रिकोण यात्रा का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालुओं में उत्साह
मीरजापुर। पुराणों में वर्णित पावन बृहद त्रिकोण यात्रा का बुधवार को गिरिजापुर तीर्थ क्षेत्र न्यास के तत्वावधान में भव्य शुभारंभ हुआ। श्री बूढ़े नाथ महादेव मंदिर के महंत स्वामी योगानंद गिरी के नेतृत्व में दोपहर करीब 2 बजे मंदिर प्रांगण से यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा बूढ़े नाथ महादेव मंदिर से निकलकर पंचमुखी महादेव, तारकेश्वर महादेव, संकट मोचन, लोहदी महावीर, काली खोह, अष्टभुजा, नन्दजा देवी, कंकाल काली, रामेश्वर महादेव, तारा माता सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों से होते हुए विंध्याचल क्षेत्र की ओर अग्रसर हुई। आगे यह यात्रा मां विंध्यवासिनी, बटुक भैरव, लाल भैरव, दूधनाथ महादेव, बावन भगवान, शिवाला, महंत नारघाट काली मंदिर होते हुए पुनः प्राचीन श्री बूढ़े नाथ महादेव मंदिर प्रांगण में समापन करेगी।
खबर लिखे जाने तक यात्रा पुरानी बजाजी एवं पक्के घाट क्षेत्र से गुजर चुकी थी, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस दौरान भाजपा नेता गौरव उमर भी यात्रा में शामिल रहे और श्रद्धालुओं के साथ पूरे उत्साह से पदयात्रा करते नजर आए।

न्यास की ओर से श्रद्धालुओं से इस पावन यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।















