
मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने दी होली की शुभकामनाएं, शांतिपूर्ण आयोजन पर प्रशासन की पैनी नजर

मीरजापुर, 03 मार्च 2026। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मंडल व जनपदवासियों को होली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मंडलायुक्त ने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी को शांति एवं सद्भाव के साथ मनाना चाहिए।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि जनपद में होली शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाई जा रही है और प्रशासन की पहली नजर प्रत्येक गतिविधि पर बनी हुई है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि डीजे व अन्य तेज ध्वनि वाले यंत्रों के प्रयोग पर नियंत्रण रखा जाएगा तथा हुल्लड़बाजी या अशोभनीय कृत्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के मद्देनजर जनपद में मजिस्ट्रेट व अधिकारियों की तैनाती कर कड़ी निगरानी की जा रही है, ताकि कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाकर जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब को सुदृढ़ बनाए रखें।















