मंडलीय अस्पताल में जांच के लिए लंबी कतारें, मरीजों ने मोबाइल पर रिपोर्ट भेजने की उठाई मांग

मंडलीय अस्पताल में जांच के लिए लंबी कतारें, मरीजों ने मोबाइल पर रिपोर्ट भेजने की उठाई मांग

मिर्जापुर। मंडलीय अस्पताल में भले ही विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हों, लेकिन मरीजों की परेशानियां कम होती नजर नहीं आ रही हैं। अस्पताल में जांच कराने पहुंचे मरीजों का कहना है कि अलग-अलग प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग कतारों में लगना पड़ता है, जिससे काफी समय बर्बाद हो जाता है और मरीजों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।

मरीजों के अनुसार सबसे पहले पर्ची कटवाने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ती है। इसके बाद ब्लड जांच के लिए शीशी लेने के लिए अलग कतार और खून देने के लिए दूसरी लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इन प्रक्रियाओं में ही कई घंटे बीत जाते हैं। मरीजों का कहना है कि यह सब किसी तरह सहन भी कर लिया जाए, लेकिन सबसे अधिक परेशानी जांच रिपोर्ट लेने के दौरान होती है, जब लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता है।

दूर-दराज से आए मरीजों ने बताया कि कई बार वे सुबह से जांच कराने में तीन से पांच घंटे तक अस्पताल में समय बिताते हैं। इसके बाद रिपोर्ट लेने के लिए फिर से लंबी लाइन में लगना पड़ता है और कई बार देर शाम सात बजे तक इंतजार करना पड़ता है। कुछ मरीजों ने यह भी बताया कि यदि उस दिन रिपोर्ट नहीं मिल पाती तो अगले दिन अस्पताल बंद रहने या भीड़ अधिक होने के कारण फिर से परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे समय पर इलाज कराना मुश्किल हो जाता है।

मरीजों का कहना है कि जब सरकार अधिक से अधिक कार्यों को पेपरलेस करने पर जोर दे रही है, तो जांच रिपोर्ट को भी मरीजों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इससे मरीज तत्काल रिपोर्ट देखकर संबंधित डॉक्टर को दिखा सकेंगे और समय पर उपचार मिल सकेगा।

इस संबंध में मंडलीय अस्पताल की पैथोलॉजी इंचार्ज डॉ. अंकिता राज का कहना है कि मरीजों के मोबाइल नंबर पर जांच परिणाम भेजने की सुविधा उपलब्ध है और रिपोर्ट भेजी भी जाती है। वहीं कुछ मरीजों का दावा है कि ऐसी कोई सुविधा उन्हें प्राप्त नहीं हो रही है। ऐसे में मरीजों का कहना है कि व्यवस्था को और बेहतर तथा संतुलित करने की आवश्यकता है, ताकि जांच और रिपोर्ट प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल हो सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें