
टावर पर चढ़ा युवक, पत्नी की मांग को लेकर हंगामा; पुलिस-प्रशासन मौके पर, भारी भीड़ जुटी
मिर्ज़ापुर जिले में टावर पर चढ़ने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कटरा क्षेत्र की घटना के बाद आज एक और मामला सामने आया, जब लालगंज थाना क्षेत्र के बसहीं गांव में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी को साथ रखने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी और परिजन युवक को नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश में जुटे रहे। सुरक्षा के मद्देनज़र टावर के आसपास का इलाका घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया।
टावर पर युवक के चढ़ते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। देखते-देखते भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे यातायात और कानून-व्यवस्था की स्थिति को संभालना चुनौती बन गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।
प्रशासन का कहना है कि युवक की काउंसलिंग कर शांतिपूर्वक नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। समाचार लिखे जाने तक पुलिस-प्रशासन मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए हुए था।















