
ट्रेलर ने बाइक सवारों को रौंदा, तीन की मौके पर मौत
मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के रोशनहर गांव के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारते हुए तीनों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बड़ी खबर: सड़क हादसे में तीन की दर्दनाक मौत, शवों की पहचान मुश्किल
मिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के अहरौरा-जमुई मार्ग पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को कुचल दिया और उसके बाद कई वाहन शवों के ऊपर से गुजरते चले गए, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और सोनभद्र जनपद के अहिरूपुर (सोनपुर) के निवासी थे। दुर्घटना के बाद शवों का दूर-दूर तक बिखराव हो गया, जिससे उनकी पहचान कर पाना भी बेहद मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद भी कई वाहन अनजाने में शवों के ऊपर से गुजरते रहे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए शवों को कब्जे में लिया। उधर, हादसे के बाद वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। मौके पर चीख-पुकार और मातम से पूरा इलाका गूंज उठा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















