
₹50 हजार का इनामी मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, एसटीएफ व कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मीरजापुर। जनपद में अपराध एवं इनामिया अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में एसटीएफ व कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान उप निरीक्षक विरेन्द्र सिंह यादव (एसटीएफ) व थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संदीप वर्मा पुत्र स्व. राम नरेश चौधरी निवासी ग्राम जौनापुर पोस्ट सिकन्दरपुर थाना सम्मनपुर जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात में मु.अ.सं. 505/2025 धारा 8/20/25/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है।
इस कार्रवाई को जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।















