मिर्जापुर एसपी ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मीरजापुर में पुलिस अधीक्षक का औचक निरीक्षण, लालगंज में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक द्वारा गुरुवार को मीरजापुर जनपद के थाना लालगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय परिसर, साइबर हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र और जनशिकायत डेस्क का बारीकी से अवलोकन किया गया। अभिलेखीय प्रविष्टियों में कमियां पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक ने थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने, उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनने और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना परिसर में निरुद्ध मुकदमाती वाहनों के उचित रख-रखाव, बैरक और भोजनालय की स्थिति का जायजा लेकर साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना क्षेत्र के भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों और कस्बाई क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने, नियमित रात्रि गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने शिवरात्रि, रमजान सहित अन्य त्योहारों के शांतिपूर्ण और निर्बाध आयोजन के मद्देनज़र लालगंज कस्बा क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया गया। भ्रमण के समय क्षेत्राधिकारी लालगंज और प्रभारी निरीक्षक लालगंज अपने अधीनस्थ पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें