मिर्जापुर के चौबे घाट पर इलेक्ट्रिक शवदाह गृह निर्माण को मिली मंजूरी

मिर्जापुर के चौबे घाट पर इलेक्ट्रिक शवदाह गृह निर्माण को मिली मंजूरी।
विंध्याचल धाम वेटिकन और रोम से भी बेहतर बन रहा: ए.के. शर्मा

मिर्जापुर, 14 मार्च। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि “विरासत के साथ विकास और आस्था के साथ व्यवस्था” की सोच के साथ विंध्याचल धाम का विकास तेजी से किया जा रहा है और आने वाले समय में यह वेटिकन, रोम और येरुशलम जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों से भी बेहतर स्वरूप में नजर आएगा।

शनिवार को अष्टभुजा गेस्ट हाउस परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ए.के. शर्मा ने लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें पटेल चौराहा का सौंदर्यीकरण, विंध्याचल बरतर में जोनल ऑफिस का निर्माण, ओझला पुल का सुंदरीकरण तथा अहिल्याबाई होल्कर पार्क का निर्माण प्रमुख है। इन परियोजनाओं से शहर की आधारभूत सुविधाओं के साथ धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में “विरासत के साथ विकास” और “आस्था के साथ व्यवस्था” की अवधारणा को जमीन पर उतारा जा रहा है। श्रद्धा और स्वच्छता, संस्कृति और समृद्धि को साथ लेकर ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। इसी सोच के तहत धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था और सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि उन्होंने वेटिकन सिटी और रोम जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक शहरों को भी देखा है और अपने अनुभव के आधार पर कह सकते हैं कि विंध्याचल धाम का विकास जिस गति से हो रहा है, वह इन स्थानों से भी बेहतर और भव्य स्वरूप में सामने आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी, अयोध्या और विंध्याचल में कॉरिडोर तथा आधारभूत ढांचे का जो विकास हुआ है, वह अभूतपूर्व है।

मंत्री ने बताया कि चौबे घाट पर इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि घंटाघर क्षेत्र में पक्के घाटों का निर्माण कराया जाएगा। ऊर्जा क्षेत्र में विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मड़िहान तहसील में 765 केवीए का विद्युत उपकेंद्र स्वीकृत हो गया है, जो प्रदेश का चौथा 765 केवीए उपकेंद्र होगा। इसके अतिरिक्त विंध्याचल विद्युत उपकेंद्र में एक अतिरिक्त पांच एमवीए ट्रांसफार्मर लगाकर क्षमता वृद्धि की गई है तथा 30 वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है।

इस अवसर पर विधायक रत्नाकर मिश्र, विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन श्रीमाली,

जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें