
जिम धर्मांतरण मामले में मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता, मौलवी गिरफ्तार
मिर्जापुर। जिम के माध्यम से कराए जा रहे कथित धर्मांतरण मामले में मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देहात कोतवाली पुलिस ने कटरा कोतवाली क्षेत्र से एक मौलवी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह आठवीं गिरफ्तारी है,
इससे पहले पुलिस सात लोगों को जेल भेज चुकी है।
गिरफ्तार मौलवी की पहचान खलीलूल रहमान के रूप में हुई है। आरोप है कि वह जादू-टोना, ताबीज़ और झाड़-फूंक के जरिए लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित कर धर्मांतरण कराता था। जांच में सामने आया है कि उसके संबंध जिम ट्रेनर और जिम के स्वामी से भी थे, जिनके साथ मिलकर वह इस गतिविधि को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, मौलवी घर-घर जाकर संपर्क करता था और बच्चों व परिवार के सदस्यों की भावनाओं पर दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करता था। वर्ष 2023 में वाराणसी के लोहता थाने में एक हिंदू युवती का दूसरे धर्म में निकाह कराने के मामले में भी उसके खिलाफ धर्मांतरण का मुकदमा दर्ज है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष मिश्रा ने बताया कि धर्म परिवर्तन के इस संगठित खेल में मौलवी लंबे समय से शामिल रहा है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
जिम जिहाद व धर्मांतरण मामला: मीरजापुर में आठवां अभियुक्त गिरफ्तार
मीरजापुर। जिम जिहाद और धर्मांतरण से जुड़े मामलों में मीरजापुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली देहात पर पूर्व में पंजीकृत दो अलग-अलग अभियोगों में वांछित चल रहे आठवें अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल आठ अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन/नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर धर्मांतरण मामले से जुड़े अभियुक्त मौलवी खलीलुर्रहमान को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त भूदेव की गली, भटवा के पोखरी, थाना कोतवाली कटरा, जनपद मीरजापुर का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, मौलवी खलीलुर्रहमान इस प्रकरण से संबंधित अन्य अभियुक्तों के लगातार संपर्क में था और संगठित रूप से उनके साथ मिलकर हिंदू लड़कियों को वशीभूत कर धर्मांतरण कराने का कार्य करता था। गिरफ्तारी के बाद थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2023 में थाना लोहता, जनपद वाराणसी क्षेत्र में एक हिंदू लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर मुस्लिम युवक से निकाह कराया गया था। इस संबंध में थाना लोहता, वाराणसी में अभियोग भी पंजीकृत है।
गिरफ्तार अभियुक्त मौलवी खलीलुर्रहमान (उम्र करीब 39 वर्ष) के खिलाफ थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर में गंभीर धाराओं के तहत दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका प्रयोग वह इस गतिविधि में करता था। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अमित मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात सहित पुलिस बल शामिल रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।















