
धर्मांतरण मामले में 25 हजार का इनामी सहित दो वांछित आरोपी गिरफ्तार
मिर्जापुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में जिम जिहाद और धर्मांतरण से जुड़े मामलों में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार धर्मांतरण से संबंधित दो अलग-अलग मुकदमों में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी असफाक खान उर्फ लकी खाना निवासी 39वीं पीएसी गेट बरौधा थाना कटरा तथा साहिल अहमद निवासी मुखरांव थाना कुछिला जनपद कैमुर (बिहार) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी थाना कोतवाली देहात में दर्ज धर्मांतरण से संबंधित दो मुकदमों में वांछित चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात अमित मिश्रा समेत पुलिस टीम शामिल रही।















