मिर्जापुर, बीडीओ के व्यवहार से आहत महिला ग्राम प्रधान ने दिया इस्तीफा

बीडीओ के व्यवहार से आहत वीरपुर की महिला ग्राम प्रधान ने दिया इस्तीफा, पहले भी लग चुके हैं अपशब्द के आरोप

मीरजापुर। विकास खंड सिटी के वीरपुर ग्राम पंचायत की महिला ग्राम प्रधान पुष्पलता बिंद ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के कथित अपमानजनक व्यवहार से आहत होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी है।

पत्र के अनुसार, वर्ष 2021 में ग्राम प्रधान चुने जाने के बाद उन्होंने गांव में विभिन्न विकास कार्य कराए और जनता का विश्वास हासिल किया। लेकिन 30 मार्च 2026 को आयोजित गूगल मीटिंग के दौरान बीडीओ द्वारा उन्हें “नालायक प्रधान” कहे जाने से वह आहत हो गईं।

प्रधान का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा सार्वजनिक रूप से इस तरह की भाषा का प्रयोग करना उनके सम्मान के खिलाफ है। इसी से क्षुब्ध होकर उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया।

बताया जाता है कि संबंधित बीडीओ पर इससे पहले भी ग्राम सचिवों व कर्मचारियों के साथ अपशब्दों का प्रयोग करने के आरोप लग चुके हैं, जिसको लेकर काफी हंगामा भी हुआ था।

पुष्पलता बिंद ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें