
बिहार-सोनभद्र तक फैला था बाइक चोरी का नेटवर्क, राजगढ़ पुलिस ने किया भंडाफोड़

मिर्जापुर। राजगढ़ थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपित विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी कर उनकी नंबर प्लेट हटाकर छिपा देते थे और बाद में उन्हें बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध एवं वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में राजगढ़ पुलिस को यह सफलता मिली।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार को शक्तेशगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन चिड़ियाघर की बाउंड्री के अंदर से अशोक कुमार निवासी रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र), रवि कुमार निवासी कैमूर (बिहार), रविंदर राम निवासी कैमूर (बिहार) तथा रामकेश उर्फ नसुड़ी निवासी राजगढ़ (मिर्जापुर) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका संगठित गिरोह विभिन्न क्षेत्रों से मौका देखकर मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट हटाकर उसे छिपा दिया जाता था ताकि किसी को संदेह न हो। बाद में वाहनों को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी और उसी से परिवार का भरण-पोषण किया जाता था।
पुलिस ने इस मामले में राजगढ़ थाने पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में अशोक कुमार और रामकेश उर्फ नसुड़ी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।














