
मिर्जापुर में दर्दनाक सड़क हादसा, प्रतापगढ़ निवासी पति-पत्नी की मौके पर मौत
मिर्जापुर: सड़क हादसे में कार सवार दंपति की दर्दनाक मौत, दो गंभीर घायल
मिर्जापुर। जनपद के कछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-19 पर कटका के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार प्रतापगढ़ निवासी पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल दो अन्य लोगों को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।















