
वैश्विक संकट के बीच मिर्जापुर में ईंधन आपूर्ति सामान्य, लोगों ने केंद्र व प्रदेश सरकार की व्यवस्था को सराहा
मिर्जापुर। वैश्विक स्तर पर उत्पन्न भीषण संकट और कई देशों में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर मचे हाहाकार के बीच जनपद मिर्जापुर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। जिले में विभिन्न पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध होने से लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद भारत में ईंधन की आपूर्ति सुचारू रूप से बने रहना सुशासन का स्पष्ट उदाहरण है। लोगों ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों तथा दूरदर्शी निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की मजबूत विदेश नीति, प्रभावी कूटनीति और आम नागरिकों को ध्यान में रखकर बनाई गई योजनाओं का ही परिणाम है कि देश के दूरस्थ जिलों तक आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति बिना बाधा के हो पा रही है।
जनपदवासियों का मानना है कि जिस समय विश्व के कई हिस्सों में ऊर्जा संकट की चर्चा हो रही है, उस समय मिर्जापुर जैसे जिलों में पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता सरकार की बेहतर प्रबंधन क्षमता को दर्शाती है। लोगों ने कहा कि इस विषम परिस्थिति में भी सरकार की व्यवस्थाएं आम जनता के लिए राहत और भरोसे का कारण बन रही हैं।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और गैस सहित सभी प्रकार के ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा अनावश्यक अफवाहें फैलाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रख रहा है और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन को तत्काल अवगत कराएं।















